देसी मधुमक्खियों के संरक्षण में डॉ. बुद्धि राम को युवा शोधकर्ता पुरस्कार
किसान चैंबर मोहाली में हुआ सम्मान समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौणी विश्वविद्यालय के तहत आने वाले कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) किन्नौर को फार्म एंड फूड की ओर से आयोजित किसान सम्मान समारोह के दौरान प्रतिष्ठित सर्वश्रेष्ठ केवीके पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह समारोह किसान चैंबर मोहाली में आयोजित किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं, प्रगतिशील किसानों व पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। केवीके किन्नौर को जिले में प्राकृतिक खेती पद्धतियों के प्रचार-प्रसार और बड़े स्तर पर अपनाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सह निदेशक (अनुसंधान एवं प्रसार) एवं प्रमुख केवीके किन्नौर डॉ. प्रमोद शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय क्षेत्र की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप किसानों से सतत जमीनी स्तर पर संवाद और किसान-केंद्रित प्रसार गतिविधियों को दिया। उन्होंने फार्म एंड फूड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान के सतत प्रयासों को मान्यता प्रदान करना सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर केवीके किन्नौर के कीट विज्ञानी डॉ. बुद्धि राम को किसान-केंद्रित इको-हाइव तकनीक के माध्यम से देसी मधुमक्खियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ युवा शोधकर्ता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं केवीके किन्नौर की ओर से नामांकित किसान आशीष नेगी को जैविक फल उत्पादों के विपणन में उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ किसान पुरस्कार प्रदान किया गया। विवि के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने केवीके किन्नौर की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के सम्मान प्रभावी अनुसंधान एवं प्रसार कार्य को प्रतिबिंबित करते हैं। विवि की सतत, जलवायु-सहिष्णु एवं किसान-उन्मुख कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करता है। विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. इंद्र देव ने भी केवीके टीम एवं सभी विजेताओं को बधाई दी।