एससीईआरटी सोलन में चल रही छह जिलों के लिए कार्यशाला, 40 प्रधानाचार्य ले रहे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न के अनुसार ढालने और वहां के प्रधानाचार्यों की कार्यकुशलता को और अधिक बेहतर बनाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इसी कड़ी में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद सोलन में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। शुक्रवार को इस प्रशिक्षण कार्यशाला में स्कूल शिक्षा निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक जीवन नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एससीईआरटी की प्रधानाचार्य डॉ. रीतू शर्मा सोनी की ओर से की जा रही है। एससीईआरटी सोलन में आयोजित की जा रही इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में प्रदेश के छह जिलों से आए 40 प्रधानाचार्य हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि इस ट्रेनिंग प्रोग्राम में केवल उन्हीं प्रधानाचार्यों को शामिल किया गया है, जिन्होंने सीबीएसई स्कूलों के लिए निर्धारित विशेष टेस्ट को क्वालिफाई किया है।
कार्यशाला के दौरान इन सभी को सीबीएसई पैटर्न और उसके मानकों से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स व गुर सिखाए जा रहे हैं। उधर, प्रधानाचार्य एससीईआरटी सोलन ने बताया कि प्रधानाचार्यों के लिए तैयार किया गया यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम दो अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जा रहा है। वर्तमान में चल रहा यह पहला चरण 23 मई तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद कार्यक्रम का दूसरा चरण अगले महीने 8 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई के मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करना और शिक्षा के स्तर को और अधिक मजबूत बनाना है।