डीएमआर सोलन में शिक्षकों को मशरूम खाद के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए। संवाद
खुंब अनुसंधान निदेशालय सोलन ने जिले के 24 स्कूलों के अध्यापकों के लगी कार्यशाला
ढिंगरी मशरूम की खेती और खाद तैयार करने का दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में स्कूलों के मिड-डे मील में मशरूम परोसने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके तहत जिले के चयनित 24 शिक्षकों ने खुंब निदेशालय में एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट और कार्यशाला में भाग लिया। इसमें उन्हें ढिंगरी मशरूम की खेती और खाद तैयार करने की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एमडीएम जिला नोडल अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यशाला भारती एयरटेल संस्था के क्वालिटी स्पोर्ट कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई। सोलन जिले के 24 सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों ने विशेषज्ञ वैज्ञानिकों और अधिकारियों की ओर से आयोजित हैंड्स ऑन प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को मशरूम की खेती की तकनीकों में प्रशिक्षित करना है, ताकि वे विद्यालय परिसर में मशरूम इकाई स्थापित कर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे सकें। विशेषज्ञों ने बताया कि मशरूम प्रोटीन, विटामिन और खनिजों से भरपूर होता है और बच्चों के पोषण स्तर को सुधारने में मदद करता है। इस पहल का उद्देश्य मिड-डे मील के पोषण स्तर को बढ़ाना और स्कूली बच्चों में प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक डीएमआर सोलन डॉ. ब्रिज लाल अत्री, शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र चंद पिरटा, जिला विज्ञान समन्वयक अमरीश शर्मा, डॉ. ज्योति शर्मा और भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रतिनिधि सोहन लाल और लोकेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।