सोलन जिले के 16 प्राथमिक स्कूलों को किया गया है मर्ज
देखरेख के अभाव से वर्तमान में स्कूल भवन बन रहे खंडहर
स्कूल भवनों की दीवारों से निकल रहा प्लास्टर, टाइलें भी गिर रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन के बंद और मर्ज हुए स्कूलों में अन्य सरकारी कार्यालय खोलने की तैयारी है। इसके तहत जिला सोलन के बंद हुए प्राथमिक स्कूल सरली में पुलिस पोस्ट खोल दी गई है। अन्य स्कूल भवनों में पंचायत, युवक मंडल या फिर अन्य सरकारी कार्यालय भी खोले जा सकते हैं। इसके लिए पंचायत समेत अन्य संस्था शिक्षा विभाग या फिर सरकार को प्रस्ताव भेज सकती है। वर्तमान में जिले में बंद हुए स्कूल भवन देख-रेख के अभाव से खंडहर में बदलते जा रहे हैं। कई भवनों की टाइलें समेत फर्श टूटने लग गए हैं, भवन का पेंट समेत दीवारों का प्लास्टर भी उखड़ना शुरू हो गया है।
जिले में विद्यार्थियों की कम संख्या वाले प्राथमिक स्कूलों को बंद और मर्ज किया गया है। वर्तमान में 16 प्राथमिक और एक माध्यमिक स्कूल में ताला लटका है। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को साथ लगते स्कूलों में शिफ्ट कर दिया था। जानकारी के अनुसार, जिले में करीब 910 प्राथमिक और 140 माध्यमिक स्कूल चल रहे है। शिक्षा निदेशालय ने कम विद्यार्थियों की संख्या वाले और दो से चार किमी के दायरे में चल रहे स्कूलों का आंकड़ा एकत्र करने के लिए जिला विभाग को आदेश दिए थे। इसके बाद संबंधित स्कूलों में तैनात रेगुलर, अनुबंध, पैरा टीचर्स और एसमएसी, पीजीटी शिक्षकों का आंकड़ा भी मांगी थी। विभाग ने स्कूल स्टाफ, स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों के दस्तावेज, फर्नीचर समेत अन्य वर्करों को साथ लगते स्कूलों में शिफ्ट कर दिया था। लेकिन अभी तक स्कूलों भवनों को लेकर कोई योजना न होने के कारण वह खंडहर बनते जा रहे थे। पर अब संबंधित स्कूल भवनों को सरकारी या किसी अन्य संस्था को देने की कवायाद शुरू कर दी है। इसके तहत प्राथमिक स्कूल सरली को पुलिस पोस्ट के लिए दे दिया है।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र चंद ने बताया कि मर्ज और बंद किए गए स्कूलों को पंचायत या किसी अन्य संस्था को देना प्रस्तावित है, जिसमें वह प्रदेश सरकार के पास अपना प्रस्ताव रख सकते हैं।