ग्लेनमार्क फाउंडेशन की ओर से काठा अस्पताल में महिलाओं को जागरूक करते हुए संस्था की वैक्सीनेटर-
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से काठा अस्पताल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाना और समुदाय में संतुलित आहार और कुपोषण की रोकथाम के बारे में जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर आरसीएच वैक्सीनेटर श्वेता शर्मा ने उपस्थित गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को संबोधित करते हुए पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मां और बच्चे दोनों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार आवश्यक है। माताओं को सलाह दी गई कि वे अपने दैनिक भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, अनाज, दूध एवं मौसमी फलों को अवश्य शामिल करें। साथ ही बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने के महत्व पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न प्रश्न पूछकर पोषण संबंधी नई जानकारियां ली।