हिमतरंग-2026 वार्षिक समारोह के दौरान दून के विधायक राम कुमार चौधरी के साथ शिक्षा व खेल में उत्
सिपेट बद्दी ने के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बोले दून के विधायक
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। दून के विधायक राम कुमार ने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। विधायक शुक्रवार को बद्दी स्थित केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) में आयोजित वार्षिक समारोह हिमतरंग-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र निर्माण में करें तथा अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करें। राम कुमार ने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र एशिया के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और प्रदेश व देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। ऐसे में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में सिपेट जैसे संस्थानों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा दी जा रही आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और प्रदेश सरकार के एंटी-चिट्टा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक ने संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों की सराहना की और विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया। इस मौके पर सिपेट के संयुक्त निदेशक परमिंदर प्रीत सिंह, शिक्षकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।