मिट्टी डालकर विभाग ने झाड़ा पल्ला, बारिश ने खोली पोल, शामती और डिग्री कॉलेज के पास हालात बदतर
गड्ढों के कारण लग रहा जाम, गंतव्यों तक पहुंचने में हो रही देरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन से राजगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों वाहन चालकों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण सफर सजा बन चुका है। लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी की, जो पहली ही बारिश में बह गई। अब सड़क पर फिसलन और कीचड़ के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। सड़क की हालत इतनी खस्ता है कि कई स्थानों पर यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। शामती में रेडियो स्टेशन के पास मार्ग एक तरफ से पूरी तरह टूट गया है, जिससे यहां गाड़ियां वन-वे होकर गुजर रही हैं। बारी-बारी वाहनों को गुजारने के चक्कर में यहां अक्सर लंबा जाम लग रहा है, जिससे लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
कॉलेज के पास निर्माण कार्य ने बढ़ाई मुश्किल
डिग्री कॉलेज सोलन के समीप पिछले करीब एक साल से निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री और मलबे के सड़क पर आने से मार्ग की चौड़ाई कम हो गई है। रही-सही कसर यहां सड़क पर बहने वाले पानी ने पूरी कर दी है। इसके अलावा, ठोडो मैदान के पास भी अब नए गड्ढे उभरने लगे हैं, जिससे वाहन चालकों की सिरदर्दी बढ़ गई है।
गर्दन और पीठ दर्द के शिकार हो रहे बुजुर्ग
सड़क पर लगने वाले जबरदस्त झटकों के कारण छोटे वाहनों, खासकर ऑटो में सफर करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। लगातार लग रहे हिचकोलों के कारण कई लोग गर्दन और पीठ दर्द की शिकायत कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने विभाग से मांग की है कि सड़क पर मिट्टी डालने के बजाय इसका स्थायी समाधान किया जाए और जल्द से जल्द पैच वर्क या टारिंग करवाई जाए।
कोट
सड़क पर पैच वर्क की तैयारी की जा रही है। जल्द की कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग की ओर से गड्ढों को भरा गया था, लेकिन बेमौसमी बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर गया है। लोगों को जल्द सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
ई. रवि कपूर, अधिषासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोलन