पावंटा साहिब में तैनात एसडीएम की गाड़ी का सोलन के कुमारहट्टी में चालान किया गया। बताया जा रहा है कि शिमला की तरफ से आ रही नीली बत्ती बोलेरो गाड़ी को ट्रैफिक पुलिस ने रोकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। पुलिस ने कुछ दूरी पर सरकारी वाहन को रोककर चालान काटा। वहीं एसडीएम ने सारे आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
पुलिस के मुताबिक गाड़ी में खुद एसडीएम भी मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि एसडीएम स्तर के अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र के बाहर नीली बत्ती का प्रयोग नहीं कर सकते। लेकिन अधिकारी के कार्य क्षेत्र से बाहर जब चालान काटा गया तो वाहन पर नीली बत्ती ओपन थी। चालान की पुष्टि करते हुए डीएसपी परवाणू भीष्म सिंह ठाकुर ने कहा कि एसडीएम पावंटा साहिब के सरकारी वाहन नंबर एचपी 17ए-0009 का चालान काटा है। अपने अधिकारक्षेत्र से बाहर कुमारहट्टी में सरकारी वाहन पर नीली बत्ती लगी थी। इस अवहेलना के तहत चालान काटा गया है।
न पुलिस ने रोका न ओपन थी नीली बत्ती : एसडीएम
एसडीएम पावंटा एचएस राणा ने बताया कि न तो उनकी गाड़ी को किसी पुलिस अधिकारी ने रोका है। न ही उनकी गाड़ी की नीली बत्ती ओपन थी। बत्ती समेत गाड़ी के आगे लगी प्लेट ढकी थी। उन्हें चालान की कोई जानकारी नहीं है।