शिकायत पेटियों की निगरानी और समाधान के दिए निर्देश
नार्को कोर्डिनेशन सेंटर की मासिक बैठक में चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान की अध्यक्षता में नार्को कोर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करना तथा भविष्य की रणनीति को और प्रभावी बनाना रहा।
बैठक में थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्कता बनाए रखने और नियमित रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने खुफिया तंत्र को और मजबूत करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के लिए शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।
बैठक में विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में स्थापित शिकायत पेटियों की नियमित निगरानी तथा प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। समितियों को अधिक सक्रिय बनाकर जमीनी स्तर पर नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
धीमान ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।