आईटीआई सोलन में आयोजित साक्षात्कार के दौरान मौजूद जिले की तीन आईटीआई के प्रशिक्षु। स्रोत : आईटी
तीन साल काम करने के साथ बीवॉक कोर्स करने का मौका
तीन आईटीआई के 240 प्रशिक्षुओं ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोलन में डेंजो कंपनी की ओर से साक्षात्कार का आयोजन किया गया। इसमें जिले की तीन आईटीआई के 240 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। इनमें से 170 प्रतिभागियों को कंपनी की ओर से चुना गया है। कंपनी चयनित प्रशिक्षुओं को तीन साल तक काम सिखाएगी। इसके अलावा कंपनी की ओर से सभी को निशुल्क बीबीए भी करवाई जाएगी।
साक्षात्कार में आईटीआई कंडा (धर्मपुर), आईटीआई कसौली और आईटीआई सोलन के प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। इसमें आईटीआई के मेकेनिक डीजल ट्रेड, मोटर व्हीकल ट्रेड, इलेक्ट्रीशियन ट्रेड, इलेक्ट्रॉनिक मशीन ट्रेड, टर्नर ट्रेड और मशीनिस्ट ट्रेड के प्रशिक्षुओं को काम करने का मौका मिला। प्रशिक्षुओं ने कंपनी के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।
आईटीआई सोलन की प्रधानाचार्या इंजीनियर नवीन कुमारी ने चयनित प्रशिक्षुओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईटीआई सोलन प्रशिक्षुओं के लिए ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर प्रदान करने की कोशिश कर रहा है। सोमवार को आयोजित साक्षात्कार में डेंजो कंपनी की ओर से तीन आईटीआई के 170 प्रशिक्षुओं का चयन किया गया है। प्लेसमेंट प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि आईटीआई के प्रशिक्षुओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।