विभाग ने शारीरिक दक्षता परीक्षा को लेकर तैयारी की पूरी
पारदर्शी होगी भर्ती, धोखाधड़ी और प्रलोभन से रहें सावधान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में पुलिस भर्ती की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस लाइन सोलन में 17 से 23 नवंबर तक भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसे सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एसपी टीएसडी वर्मा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को अफवाहों और धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी है। यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर या अन्य तरीके से चयन का प्रलोभन देता है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 01792-223840 और 01792-223836 पर दें।
शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेजों की जांच के दौरान अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ उनकी प्रतियां भी लानी होंगी। इनमें एडमिट कार्ड की दो प्रतियां, हाल ही में खिंचवाई गई दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, हिमाचल बोनाफाइड प्रमाण पत्र की मूल प्रति, 10वीं और 12वीं के प्रमाण पत्र, आरक्षित श्रेणी का प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, वोटर कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र और उनकी प्रतियां शामिल हैं।
ग्राउंड में मोबाइल और कीमती सामान ले जाने पर प्रतिबंध
अभ्यर्थियों को भर्ती ग्राउंड के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें कीमती सामान भी साथ न लाने की सलाह दी गई है। यदि कोई सामान लाया जाता है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अभ्यर्थी की स्वयं होगी। अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभिभावकों को भी ग्राउंड में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अनुशासनहीनता पर परीक्षा होगी रद्द
शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अनुचित व्यवहार करने वाले अभ्यर्थी की परीक्षा तुरंत रद्द की जा सकती है। साथ ही उसे भर्ती प्रक्रिया से बाहर भी किया जा सकता है। भर्ती प्रक्रिया में लगने वाले समय को देखते हुए अभ्यर्थियों को अपना भोजन साथ लाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, जिला पुलिस भर्ती समिति को आवश्यकता महसूस होने पर अभ्यर्थियों का डोप टेस्ट भी करवाया जा सकता है।