मृतक के परिजनों समेत दोस्तों से भी पूछताछ करेगी पुलिस टीम
पुलिस को मिली डायरी और सुसाइड नोट की रिपोर्ट का भी इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला मुख्यालय में शूलिनी विवि के पूर्व छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इसके तहत वीरवार को मामले से संबंधित पूछताछ को लेकर विवि प्रबंधकों को बुलाया गया था। इसके अलावा मृतक छात्र का रिकॉर्ड भी विवि प्रशासन से अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मृतक के परिजनों समेत दोस्तों से पूछताछ करेगी। वहीं जुन्गा जांच के लिए भेजी गई मृतक की डायरी और सुसाइड नोट की रिपोर्ट का भी पुलिस इंतजार कर रही है। एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस विवि प्रबंधकों से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। इसमें आवश्यक दस्तावेजों को भी कब्जे में ले रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात सोलन में छात्र की आत्महत्या मामले में पुलिस ने शूलिनी विवि प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें छात्र को आत्महत्या को उकसाने व मानसिक दबाव बनाने पर एफआईआर की गई है। वहीं मृतक छात्र के पास से पुलिस को मिली डायरी और सुसाइड नोट को जांच के लिए जुन्गा लैब भेजा गया है। मामले को लेकर विवि कैंपस में भारी संख्या में छात्रों ने भी प्रदर्शन भी किया था। यहां पर छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ कई तरह के आरोप लगाए हैं। इस आधार पर भी पुलिस जांच कर रही है। हालांकि आत्महत्या करने के दो दिन बाद भी मामला शांत चल रहा था, लेकिन विवि कैंपस में हंगामे के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस मामले की हर पहलु से जांच कर रही है। इसमें विवि प्रबंधकों से पूछताछ शुरू कर दी है।