सोलन शहर के चौक बाजार में हुई चोरी के बाद सीसीटीवी जांच करते हुए। स्रोत : पीड़ित परिवार
शनिवार को दिनदहाड़े शातिरों ने एक साथ चार घरों में की थी सेंधमारी
लाखों रुपये के आभूषण, नकदी समेत घरेलू सामान पर भी किया है हाथ साफ
आरोपी सीसीटीवी में कैद, पुलिस तलाश में जुटी, दावा जल्द होगा गिरफ्त में
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला मुख्यालय सोलन मुख्य चौक बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदातों ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शातिर चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई जांच टीमें गठित की हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार को जब घरों के लोग अपने काम से बाहर गए थे, तभी इसका फायदा उठाकर चोरों ने सेंधमारी की। चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के कीमती आभूषण, भारी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती घरेलू सामान चोरी कर लिया। एक ही दिन में चार घरों में हुई इस वारदात से स्थानीय निवासियों में भारी डर और रोष व्याप्त है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हाथ लगी है, जिसमें संदिग्ध आरोपी नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। उधर एएसपी सोलन राजकुमार ने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पुख्ता सुराग मिल चुके हैं और वे जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
सोलन शहर के चौक बाजार में हुई चोरी के बाद सीसीटीवी जांच करते हुए। स्रोत : पीड़ित परिवार