बैठक में लिया फैसला, अगस्त माह में किया जाएगा भागवत कथा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कांगड़ा-हमीरपुर मैत्री सभा सोलन की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मैत्री सभा भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सभा के पूर्व प्रधान एवं आमंत्रित सदस्य एपी सरोच ने की। बैठक में सभा की आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और सर्वसम्मति से कई धार्मिक व सामाजिक कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि जून माह में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक राज्य स्तरीय शूलिनी मेले के शुभ अवसर पर सभा की ओर से विशेष आयोजन किया जाएगा। मेले के अंतिम दिन सभा के प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। धार्मिक कार्यक्रमों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए सभा ने 12 से 18 अगस्त तक मैत्री सभा भवन में श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन का निर्णय लिया है। भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक अनुष्ठान का लाभ उठा सकें। बैठक के दौरान महासचिव सुरजीत राणा ने सभा की आगामी योजनाओं की रूपरेखा रखी। इस अवसर पर वीरेंद्र ठाकुर, कैप्टन जगोत्रा, सुरेश शर्मा, बीरबल पठानिया, मुकेश शर्मा, आदित्य ठाकुर, केवल कृष्ण, रमेश शर्मा, राज कुमार भारद्वाज, बीना शर्मा और अजोध्या देवी सहित अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।