कंडाघाट के समीप एक ढाबे से किया था सामान चोरी
2010 में अदालत ने आरोपी को किया था भगौड़ा घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। थाना कंडाघाट की टीम ने वर्ष 2007 में चोरी के एक मामले में भगौड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। 2 फरवरी 2007 को थाना कंडाघाट में मदन लाल निवासी गांव कोटी तहसील व जिला शिमला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि यह टिकरी मोड़ कंडाघाट में किराये के मकान में ढाबा चलाते थे। ढाबा उपरोक्त में काम करने के लिए इन्होंने विजय कुमार पुत्र अशरफी लाल गांव सिसोटा तहसील संभल जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को रखा हुआ था, जो ढाबा का सारा काम-काज व हिसाब-किताब देखता था, क्योंकि यह खुद टुटु शिमला में दुकान चलाते थे।
26 फरवरी 2007 को इनके मकान मालिक ने इन्हें फोन द्वारा सूचित किया कि ढाबा के अंदर से सामान गायब है, लाइटें जली हुई हैं व शटर में ताले लगे हैं। जिस पर यह टिकरी मोड़ कंडाघाट पहुंचे तो पाया कि ढाबे के अंदर रखा सामान कुल कीमत 53,525 रुपये है वह चोरी हो गया है। जिस पर थाना कंडाघाट में चोरी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान चोरी की वारदात में संलिप्त आरोपी विजय कुमार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था। जिस पर आरोपी को अदालत द्वारा 4 जून 2010 को उद्घोषित अपराधी करार दिया गया था। मामले की जांच के दौरान थाना कंडाघाट की टीम द्वारा उपरोक्त आरोपी को दिनांक 24 अप्रैल 2024 को गिरफ्तार किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी पहले भी आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहा है और उसके विरुद्ध थाना हजरतगढ़ी यूपी में आर्म्स एक्ट के तहत तहत एक मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।