बद्दी में हुई इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप
दो दर्जन से ज्यादा स्कूली छात्रों की टीमों ने भाग लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। लीजेंड्स मार्शल आर्ट्स द्वारा इंडोर स्टेडियम बीबीएनडीए में चौथी लीजेंड्स ओपन इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2024 और अवार्ड सेरेमनी-2023 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ आदि के तमाम स्कूलों से अलग-अलग आयु वर्ग के फ्रेशर और प्रोफेशनल 400 से अधिक ताइक्वांडो ने भाग लिया।
लीजेंड्स मार्शल आर्ट अकादमी के निदेशक समीर कुमार, अध्यक्ष ममता कुंवर ने बताया कि यह प्रतियोगिता ताइक्वांडो जीवन जीने की एक कला, पर आधारित थी। इसका मुख्य उद्देश्य बीबीएन और आस पास के फ्रेशर और प्रोफेशनल ताइक्वांडो खिलाड़ियों को उनके गृह क्षेत्र में ताइक्वांडो खेलने के लिए एक बेहतर प्लेटफार्म देना रहा। प्रतियोगिता में दो दर्जन से ज्यादा स्कूली छात्रों की टीमों ने भाग लिया। इसमें खिलाड़ियों ने स्पीड किकिंग, बोर्ड ब्रेकिंग, पुमसे, चैलेंज कप इवेंट्स में अपना जौहर दिखाया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी दी गई। अवार्ड सेरेमनी में चैंपियन रहे खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट, नकद इनाम और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल समापन पर लीजेंड्स मार्शल आर्ट के निदेशक समीर कुमार, अध्यक्ष ममता कुंवर, मुख्य इंस्ट्रक्टर सौरभ शर्मा, दिलीप पटेल, दिव्या भारती, सूरज चौहान, विशाल श्रेष्ठ आदि ने अभिभावकों को बधाई दी।