एसपी ने थाना प्रभारियों को विशेष इंतजाम के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष तैयारी की है। सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना प्रभारियों और जोगों व दभोटा पुलिस चौकियों के इंचार्जों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करें।
इसी क्रम में जिले के सभी होटलों की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। जिले के विभिन्न हिस्सों में ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
त्वरित प्रतिक्रिया दल को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है और जिले के प्रमुख स्थानों पर नाके स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षित पेशेवर डॉग को भी सुरक्षा बल के साथ तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री या गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके।
एसपी बद्दी इल्मा अफरोज ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना उच्चाधिकारियों को दें। बद्दी पुलिस जनता से अपील करती है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि को तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि बीबीएन में स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।