स्ट्रॉबेरी फील्ड हाई स्कूल चंडीगढ़ की ओर से करवाया गया सम्मेलन
देश भर के 24 स्कूलों के 250 से अधिक छात्र प्रतिनिधियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पाइनग्रोव स्कूल के छात्रों ने स्ट्रॉबेरी फील्ड हाई स्कूल चंडीगढ़ की ओर से आयोजित मून सम्मेलन में पाइनग्रोव स्कूल के मॉडल यूनाइटेड नेशंस (मून) प्रतिनिधिमंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश भर के 24 नामी स्कूलों के 250 से अधिक छात्र प्रतिनिधियों ने भाग लिया था।
पाइनग्रोव स्कूल के धर्मपुर और सुबाथू परिसरों के 16 छात्रों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। पूरे सम्मेलन के दौरान पाइनग्रोव के छात्रों ने असाधारण आत्मविश्वास, कूटनीति, गहन शोध कौशल और उत्कृष्ट वाद-विवाद का प्रदर्शन कर निर्णायकों को बेहद प्रभावित किया। छात्रों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत स्कूल की झोली में कई प्रतिष्ठित पुरस्कार आए। विशेष बात यह रही कि उच्च प्रशंसा पुरस्कार जीतने वाले प्रत्येक विजेता छात्र को ट्रॉफी के साथ 4,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इसमें उच्च प्रशंसा पुरस्कार कृदय सिकरी, अथर्व काल्टा, अंगद वर्मा और राव्या गर्ग को मिला,जबकि विशेष उल्लेख पुरस्कार में प्रथम महाजन, रेवा कश्यप, युव महाजन और आरूष गर्ग शामिल रहे। पाइनग्रोव स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने प्रतिनिधिमंडल की इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर की है। अब सभी विजेता छात्रों को स्कूल लौटने पर सम्मानित किया जाएगा।