बुधवार रात चगांव में हुआ हादसा, मजूदरों को लेकर जा रही थी गाड़ी
पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपे शव
घायलों का सोलन असपताल में चल रहा इलाज, पुलिस ने किया मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल/सोलन। उपमंडल कंडाघाट के तहत चायल पंचायत से करीब 19 किलोमीटर दूर चायल-गोड़ा मार्ग पर हिन्नर पंचायत के चगांव में पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।
हादसा बुधवार देररात करीब 8:00 बजे हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। नितिन ठाकुर ने पुलिस को बताया कि 22 अक्तूबर को उसे ठेकेदार राजन का फोन आया था कि वह गाड़ी में लेबर भेज रहा है उन्हें टैंक बनाने की जगह दिखा देना। वह गाड़ी का इंतजार कर रहा था। बुधवार रात करीब 8:00 बजे उसे गाड़ी के गिरने की आवाज सुनाई दी। वह आनन-फानन में जुब्बड़ में पहुंचा। वहां पिकअप दुर्घटनाग्रस्त मिली। इसमें पांच लोग सवार थे। इनमें से दो लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। एक महिला समेत तीन अन्य घायल थे।
हादसे में घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से सोलन अस्पताल भेजा गया। पिकअप एचपी-08ए 5425 को अमन (31) पुत्र सोहन सिंह निवासी जोड़ना डाकघर पुलवाहल तहसील चौपाल चला रहा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य नेपाली की भी मौका पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। घायलों का सोलन अस्पताल में इलाज चल रहा है।