चार जून को होनी है मतगणना, कर्मचारी किए तैनात
राजकीय महाविद्यालय में सोलन करवाया पहला अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। लोकसभा चुनावों की चार जून को मतगणना के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान बारीकी से सभी चीजों को समझाया गया। कर्मचारियों का मतगणना को लेकर रविवार को पहला पूर्व अभ्यास था। राजकीय महाविद्यालय सोलन में जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त मनमोहन शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव की देखरेख में पूर्वाभ्यास करवाया गया।
उपायुक्त ने बताया कि पूर्व अभ्यास में मतगणना कर्मियों को चार जून को होने वाली मतगणना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सोलन, अर्की व कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग माइक्रो आब्जर्वर और काउंटिंग असिस्टेंट को मतगणना का पूर्व अभ्यास करवाया गया। पूर्व अभ्यास में मतगणना के लिए तैनात लगभग 170 कर्मी उपस्थित थे। इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी सोलन, डॉ. पूनम बंसल, अर्की यादविंदर पाल, कसौली नारायण सिंह चौहान, तहसीलदार निर्वाचन उषा चौहान, नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।