कुनिहार(सोलन)। न्यू बस स्टैंड कुनिहार में सार्वजनिक शौचालय में एक युवती की मोबाइल से फोटो खींचने पर खूब हंगामा हुआ है। मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कुनिहार न्यू बस स्टैंड पर उस समय माहौल गर्म हो गया, जब एक युवक ने सार्वजनिक शौचालय में युवती की तस्वीरें मोबाइल से खींच लीं।
युवती को जैसे ही पता चला, उसने युवक की इस हरकत पर आपत्ति जताते हुए फोटो डिलीट करने के लिए कहा। देखते- देखते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई और युवती ने पुलिस को सूचना दी। युवक ने अपना फोन शौचालय की शीट में डाल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एसएचओ कुनिहार रूपेश कांत की अगुवाई में घटना स्थल पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर मोबाइल को ट्रेस कर अपने कब्जे में कर लिया। एसएचओ कुनिहार रूपेश कांत ने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर उसके फोन को भी कब्जे में ले लिया है और कार्रवाई की जा रही है।