सड़क में पड़े गड्ढे के चलते दुर्घटना का बना हुआ है यहां खतरा
जलशक्ति विभाग व बीबीएनडीए एक दूसरे पर टाल रहे बात
कोई भी इस सीवरेज लाइन को ठीक करवाने को नहीं है तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर पिछले एक माह से बीच सड़क से निकल रहा सीवरेज लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। बीच सड़क में गड्ढे के चलते यहां पर दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। कोई भी विभाग इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
बद्दी-बोरीटवाला मार्ग पर झाड़माजरी से कुछ दूर पहले मुख्य सड़क पर सीवर लाइन लीक हो गई है। सीवेज के लीक होने से पर यहां पर एक गड्ढा बन गया है। यहां पर व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर एक स्टिक खड़ी कर दी है। अब वाहन चालक इस स्टिक को देखकर साइड से निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय यहां पर वाहन पलटने का खतरा बना हुआ है। इस बारे में लोनिवि से जब पूछा गया तो वह अपनी जिम्मेदारी जल शक्ति विभाग के ऊपर डाल रहे हैं। वहीं जल शक्ति विभाग का कहना है कि उनकी सीवेज सिक्का होटल से आगे नहीं है और इससे उनका कोई लेना देना नहीं है। दूसरी ओर बीबीएनडीए के सहायक अभियंता दिग्विजय ने कहा कि उनकी इस ओर कोई भी सीवरेज लाइन नहीं है।
रोड सेफ्टी क्लब के महासचिव चिंतन कुमार, हिमालयन जन कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर जमवाल, महासचिव कालीदास शर्मा, सुषमा ठाकुर, मोहन लाल कुंडलस ने कहा कि विभाग अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। कोई भी विभाग इसे ठीक करने को तैयार नहीं है। यह गड्ढा हादसों को न्योता दे रहा है।
उधर, इस संबंध में लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता पवन कुमार ने बताया कि सीवरेज लाइन का कार्य जलशक्ति विभाग देखता है और उन्हें इसके बारे में अवगत करवाया गया है। वहीं, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि उनके विभाग के अधीन आने वाली सीवरेज लाइन सिक्का होटल तक ही है। उसके आगे बारे में उन्हें कोई पता नहीं है।