संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला भर में शुष्क ठंड और रात के समय तापमान गिरने से लोग बीमार हो रहे हैं। शुष्क ठंड बढ़ने से अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, बुखार और गले में खराश की शिकायतें आना शुरू हो गई हैं।
इन दिनों अस्पतालों में फिर मरीजों की संख्या भी बढ़नी शुरू हो गई है। ठंड की चपेट में आने के बाद पीड़ित मरीज इलाज के लिए अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। सरकारी अस्पतालों समेत निजी क्लीनिकों में मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है।
क्षेत्रीय अस्पताल में भी रोजाना 250 मरीज मेडिसन ओपीडी में इलाज करवाने आ रहे हैं। इन दिनों जिले में शुष्क ठंड बढ़ती जा रही है जिससे बीमारियां बढ़ रही हैं। एक सप्ताह में वायरल, सर्दी, जुकाम और खांसी से पीड़ित 500 मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंच चुके हैं।
रात में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है और शुष्क ठंड की चपेट में आने से बच्चे अधिक बीमार हो रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में भी मरीजों की दिन भर कतारें देखने को मिल रही है। राहत की बात यह है कि बच्चे मौसमी वायरल की चपेट में नहीं आए हैं। इसके चलते शिशु रोग ओपीडी में अधिक भीड़ देखने को नहीं मिल रही है।
डॉ. कमल अटवाल ने कहा कि बीते दिनों से शुष्क ठंड बढ़ने से मरीज बढ़ना शुरू हो गए हैं। मौसमी वायरल की चपेट में आ रहे हैं। अधिक मरीज खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत को लेकर अस्पताल में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
क्या करें उपाय
-गर्म कपड़े पहनें।
-घर से निकलते समय शरीर को अच्छी तरह से ढक लें।
-दोपहिया वाहन का प्रयोग कम करें।
-पानी को उबालकर प्रयोग में लाएं।
-गर्म खाद्य वस्तुओं का उपयोग करें।
-फलों का उपयोग कम करें।
-सर्दी-जुकाम होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।