नमाज अदा कर अमन व चैन की मांगी सभी दुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में मुस्लिम समुदाय ने धूमधाम से ईद का त्योहार मनाया। नालागढ़-रोपड मार्ग स्थित ईदगाह में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। वहीं नालागढ़ रामशहर मार्ग पर तबलीगी मरकज में भी नमाज पढ़ी गई और देश की अमन, शांति, खुशहाली, एकता व विकास की दुआ मांगी। नमाज के बाद समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। रविवार शाम को चांद के दीदार के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और वह ईद-उल-फितर की तैयारियों में जुट गए। सोमवार सुबह समुदाय के लोगों ने नालागढ़-रोपड मार्ग पर स्थित ईदगाह में मौलाना शाहिद, नालागढ़ रामशहर मार्ग पर तबलीगी मरकज में मुफ्ती मोहम्मद जावेद ने समुदाय के लोगों को नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मिठाइयां व सेवइयां बांटकर खुशी को दोगुना किया। मुफ्ती मोहम्मद जावेद व मौलाना शाहिद ने कहा कि ईद उल फितर का दिन पूरी दुनिया के लिए इंसानियत का पैगाम देता है। ईद दिलों को जोड़ती है। ईद प्यार और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि ईद उल फितर का मुकदस त्योहार मुकदस इबादत के जरिये अता होता है। इस इबादत के जरिये पूरी दुनिया के मुसलमान रमजान मुबारक के एक महीने के रोजे रखकर खुदा का शुक्र अदा करते हैं।