नालागढ़ (सोलन)। कोरोना वायरस से सतर्क स्वास्थ्य विभाग ने चीन से लौटे तीन लोगों को घरों में नजरबंद कर दिया है। इनमें बद्दी के दो और नालागढ़ क्षेत्र का एक व्यक्ति शामिल है। दो लोग विदेश घूमने गए थे और चीन होकर वापस लौटे हैं जबकि एक चीन में पढ़ाई कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने इन पर निगरानी रखी है और प्रतिदिन इनकी स्वास्थ्य जांचा की जा रही है।
इन्हें 28 दिनों तक घर से बाहर आने-जाने की मनाही की गई है। नालागढ़ पहुंचे सीएमओ सोलन डॉ. राजन उप्पल ने अस्पताल में बनाए आइसोलेशन वार्ड का भी निरीक्षण आवश्यक निर्देश जारी किए। चीन से वापस लौटने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई थी जिस पर विभाग ने इनसे संपर्क कर निगरानी आरंभ कर दी है।
नालागढ़ अस्पताल के एमडी मेडिसिन डॉ. आनंद घिल्डियाल ने कहा कि कोरोना वायरस आम तौर पर श्वास तंत्र की बीमारी के साथ एक आम सर्दी के समान है। इसके लक्षणों में नाक बहना, खांसी, गले में खराश, कभी-कभी सिरदर्द और बुखार शामिल है जो कुछ दिनों तक रह सकता है। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों के लिए यह घातक है। बुजुर्ग व बच्चे इसके आसान शिकार हैं।
खंड चिकित्साधिकारी नालागढ़ डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि बीबीएन के तीन लोग चीन से लौटे हैं जिनकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है। इन्हें 28 दिनों के लिए घरों के भीतर रहने के निर्देश दिए गए हैं।