मालरोड पर स्वयं सहायता समूह छवि की महिला उत्पाद बेचते हुए। संवाद
देवठी पंचायत का छवि स्वयं सहायता समूह ने माल रोड पर लगाया स्टॉल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से मालरोड पर लगाए स्टॉल स्वरोजगार का भी सशक्त माध्यम बन रहे हैं। हर शुक्रवार और शनिवार को लगने वाले स्टॉलों पर देवठी पंचायत के छवि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से तैयार की ड्राई अनारदाना चटनी लोगों को खूब पसंद आ रही है।
समूह की सदस्य ममता वर्मा ने बताया कि उनके उत्पादों को डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी का सहयोग मिल रहा है। समूह की करीब 10 महिलाएं अलग-अलग प्रकार के घरेलू खाद्य उत्पाद तैयार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अन्य महिलाओं को भी घरेलू उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे स्वरोजगार से जुड़ सकें। ममता ने बताया कि अनारदाना की सूची चटनी का 150 ग्राम का डिब्बा 100 रुपये में बेचा जा रहा है। इस चटनी को धनिया, हरी मिर्च, अनारदाना, जीरा, तिल, पुदीना, काला नमक और सफेद नमक से तैयार किया जाता है। जरूरत के अनुसार इसमें पानी मिलाने पर यह ताजा चटनी का रूप ले लेती है।
उन्होंने बताया कि चटनी के अलावा समूह की ओर से दालें, मसाले, अचार और अन्य खाद्य उत्पाद भी स्टॉल पर बिक्री के लिए रखे गए हैं। स्थानीय लोग और पर्यटक इन उत्पादों को खरीद रहे हैं। इससे समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।