नालागढ में एचआरटीसी के पेंशनर बैठक में भाग लेते हुए। संवाद
अन्य विभाग की तर्ज पर उन्हें भी एरियर की किस्त हो जारी
बद्दी में सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच नालागढ़ इकाई की मासिक बैठक में पेंशनरों की मांगों पर चर्चा हुई। भीम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला अध्यक्ष बाबू राम विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके प्रदेश सरकार से मांग की गई कि जनवरी 2016 से नए वेतनमान के वित्तीय लाभ, बकाया डीसीआरजी और छुट्टी नकदीकरण के बकाया का भुगतान अतिशीघ्र जारी किया जाए।
प्रदेश सरकार के अन्य विभागों के पेंशनर्स को एरियर की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए दिए जा चुके हैं, लेकिन निगम के पेंशन भोगियों को अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। सरकार से मांग की गई कि निगम के पेंशनर्स को भी भुगतान शीघ्र किया जाए। इसके अतिरिक्त 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पेंशनर्स को नये वेतनमान के अनुसार मूल पेंशन में 5, 10 व 15 प्रतिशत की वृद्धि दी जाए। 1 जनवरी 2016 से देय महंगाई भत्ते का भी यथा शीघ्र भुगतान किया जाए। जिससे पेंशनर्स को अपने वित्तिय लाभ प्राप्त करने के लिए कोर्ट का सहारा न लेना पड़े । बैठक में अध्यक्ष भीम सिंह के अतिरिक्त अमन, रघुवीर सिंह सचिव, ओकार सिंह कोषाध्यक्ष, बाबूराम जिला अध्यक्ष, सुच्चा राम, जयपाल, व्यास देव, ज्ञान चंद, नंद लाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।