महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने पर जताया आभार
पेंशनर्स एसोसिएशन पट्टा महलोग की बैठक संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स एसोसिएशन पट्टा महलोग इकाई की मासिक बैठक प्रधान जिया लाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें सर्वसम्मति से सभी ने चार फीसदी महंगाई भत्ते की किस्त अप्रैल 2024 की पेंशन के साथ देने के लिए सरकार का आभार जताया। जियालाल ठाकुर ने कहा कि सरकार की ओर से जारी इस अधिसूचना से पेंशनर वर्ग को दो भागों में बांटने की असफल कोशिश हुई है। जब सरकार ने एक फरवरी, 2022 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को छटे संशोधित वेतनमान का एरियर, लीव इन कैशमेंट व ग्रेच्युटी इत्यादि की पूर्ण अदायगी एकमुश्त कर दी है। इसका एसोसिएशन स्वागत करती है, परंतु एक जनवरी, 2016 से 31 जनवरी, 2022 के मध्य सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों व पेंशनरों के साथ इस प्रकार का भेदभाव क्यों हो रहा। एसोसिएशन ने सरकार से आग्रह किया कि फरवरी 2022 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की तर्ज पर अन्य सभी पेंशनरों के बकाया राशि के एकमुश्त भुगतान की अधिसूचना लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले जारी करें अन्यथा पेंशनर्स इस अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए मजबूर होंगे। बैठक में इकाई के महासचिव देव करण कौशल, वरिष्ठ उपप्रधान हरि सिंह वर्मा, कोषाध्यक्ष एआर भाटिया, प्रैस सचिव पूर्ण चंद वर्मा, सह सचिव ज्ञान चंद, नंदलाल कौंडल, जगत राम मेहता, लच्छी राम ठाकुर, गुलाब सिंह ठाकुर, राम करण, गीता राम, लच्छमी राम, सीताराम इत्यादि पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।