शहर के अलावा आसपास के रबौण, सपरूण और बसाल के इलाकों में भी पीलिया पनपने लगा है। रविवार को पीलिया के आठ नए मामले सामने आए हैं। जिसमें शिल्ली रोड की एक महिला की हालत गंभीर होने के चलते अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है।
इसके बाद आईपीएच और नगर परिषद के अधिकारियों के हाथ पांव फूलना शुरू हो गए हैं। चिंताजनक यह है कि शहर के आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में शहर के स्टोरेज मुख्य टैंकों के अलावा आसपास आईपीएच विभाग की छोटी उठाऊ पेयजल योजनाओं से भी पानी की आपूर्ति की जाती है। सीएमओ डॉ. आरके दरोच ने कहा कि रविवार को आठ मामले सामने आए हैं। रविवार को सोलन में मुफ्त टेस्ट किए गए हैं।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट में सपरूण से एक, रबौण से एक, मंदिर शूलिनी से एक, बड़ोग से एक, कोटलानाला से एक, शिल्ली रोड से एक, वार्ड नंबर 13 से एक, बसाल से एक, चंबाघाट से एक मामला निकला है। कुल मिलाकर सोलन में पीलिया से पीड़ित लोगों का 100 का आंकड़ा पार हो चुका है।
निजी अस्पतालों में भी मामले पर रिकॉर्ड नहीं
सोलन शहर व आसपास के इलाकों में पीलिया से पीड़ित कई मामले सामने आ चुके हैं। रोगियों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। आसपास के अस्पतालों में सामान्य से अधिक रोगी वहां पहुंच रहे हैं। लेकिन स्थानीय प्रशासन के पास निजी अस्पतालों का कोई आंकड़ा मौजूद नहीं है।
मुख्य सीवरेज टैंक के ट्रीट पानी के लिए सैंपल
निर्देशों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मुख्य सीवरेज टैंक से ट्रीट पानी के सैंपल भी भरे हैं। इसे कंडाघाट लैब में चैकिंग के लिए भेजा गया है।