भुगतान में देरी पर सरकार के खिलाफ नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
9 करोड़ का बजट न मिलने से रुकी प्रक्रिया, बुजुर्ग पेंशनर इलाज के लिए परेशान
शीघ्र समाधान न होने पर पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने दी आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। जिला पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की कुनिहार में बैठक हुई। इसमें लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान में हो रही देरी पर कड़ा आक्रोश जताया है। एसोसिएशन का कहना है कि बार-बार मिलने वाले आश्वासनों के बावजूद धरातल पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों में निराशा है।
एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने 38 से 40 वर्षों तक दिन-रात ड्यूटी कर प्रदेश की सुरक्षा सुनिश्चित की। आज वे अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में मूलभूत चिकित्सा सुविधाओं और अपने ही पैसों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई पुलिस पेंशनर इस समय गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति न होने और आर्थिक तंगी के कारण वे समय पर अपना आगे का उपचार नहीं करवा पा रहे हैं। संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधि इस सिलसिले में कई बार मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं। हर बार उन्हें शीघ्र भुगतान का भरोसा तो दिया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पेंशनरों के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए सरकार के समक्ष लगभग नौ करोड़ रुपये की मांग रखी गई है। बजट स्वीकृत न होने के कारण यह पूरी भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
एसोसिएशन ने सरकार से मांग की कि बुजुर्ग पेंशनरों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन बिलों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। संगठन ने पुलिस महानिदेशक से भी आग्रह किया है कि वह सरकार को स्मरण पत्र भेजकर बजट उपलब्ध करवाने की दिशा में तुरंत पहल करें। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो संगठन को मजबूरन आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा।