एचआरटीसी पेंशनरों ने नालागढ़ में बैठक कर उठाईं समस्याएं
तीन साल से नहीं हुआ है पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की नालागढ़ इकाई ने एक जनवरी 2016 से लागू नए वेतनमान का बकाया एरियर शीघ्र जारी करने की मांग की है। मंच की बैठक नालागढ़ वर्कशाप के समीप मंदिर परिसर में जय किशन राणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशनरों की मांगों पर चर्चा की गई।
राणा ने केंद्र सरकार की तर्ज पर 13 प्रतिशत डीए जारी करने और पेंशन का भुगतान प्रत्येक माह की पहली तारीख को करने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में पेंशन 20 तारीख के बाद मिल रही है, जबकि पिछले माह की पेंशन अब तक जारी नहीं हुई है। उन्होंने पेंशन बजट का स्थायी प्रबंध करने तथा निगम कर्मचारियों का ओवरटाइम और रात्रि भत्ता, जो करीब 100 करोड़ रुपये है, शीघ्र जारी करने की मांग की।
जय किशन राणा ने कहा कि एक अप्रैल 2024 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को अब तक पेंशन व अन्य लाभ नहीं मिले हैं, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मेडिकल बिल भी तीन वर्षों से लंबित हैं, जिससे महंगा इलाज कराना मुश्किल हो गया है। पेंशनरों ने नए वेतनमान के अनुसार पंजाब सरकार की तर्ज पर मेडिकल भत्ता एक हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग दोहराई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो पेंशनर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
बैठक में अध्यक्ष के अलावा रघुबीर सिंह, ओंकार सिंह, नंदलाल, रामलोक, राम सिंह, ज्ञान चंद, व्यास देव, जयपाल, सिख राम, बचना राम, सुच्चा राम, सरवन सिंह, कमल कुमार, जसवंत सिंह, प्रकाश चंद, सुंदर सिंह, हरदयाल सिंह, दलीप सिंह, नसीब चंद, संतोख सिंह, कर्मचंद, गुरदर्शन सिंह, भूपेंद्र सिंह, बांका राम, भीम सिंह, रमेश कुमार और रामलोक मौजूद रहे।