सोलन। कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल में ओपीडी फिर बढ़ना शुरू हो गई है। मरीज अस्पताल में उपचार करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। दूरदराज के क्षेत्रों से छोटी बीमारियों को लेकर अस्पताल में पहुंच रहे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में बीते माह 400 तक पहुंची ओपीडी अब 1200 तक हो गई है। अस्पताल में सोमवार को सबसे अधिक भीड़ मेडिसिन ओपीडी के बाहर देखी गई। सर्जरी और गायनी ओपीडी के बाहर भी कतारें लगी रहीं। अस्पताल में लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्था बनाई है। पेश है रिपोर्ट :
सोलन अस्पताल में मरीजों इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए तैनात सुरक्षा कर्मी सामाजिक दूरी को अपनाने के लिए आग्रह कर रहे हैं। अस्पताल मेें मरीज और तीमारदार चिकित्सक उपस्थित सूची में संबंधित चिकित्सकों का पता लगा रहे हैं।
समय- 10:40 पर लोगों की पर्ची काउंटर पर कतारें लगनी शुरू हो गई हैं और मरीज पर्ची बनाकर ओपीडी की और जा रहे हैं। समय 11:15 पर मेडिकल ओपीडी के बाहर लोगों की भीड़ लगी है। इस दौरान चिकित्सक एक-एक कर मरीजों को उपचार के लिए बुला रहे हैं।
करवाई जा रही है एसओपी की पालना
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि अस्पताल में ओपीडी धीरे-धीरे बढने लगी है। यहां पहुंचने वाले मरीजों को एसओपी का पालन करवाया जा रहा है। इसके लिए होम गार्डों की ड्यूटी लगाई गई है।