संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी से नालागढ़ एनएच पर गड्ढों को भरने का कार्य शुरू हो गया है। नालागढ़ से मानपुरा तक गड्ढे भरे दिए गए हैं। अब मानपुरा से बद्दी तक पेचवर्क का कार्य शुरू कर दिया गया है। दून के विधायक राम कुमार ने एनएचएआई व एसडीएम के साथ बैठक करके एनएच पर पड़े गड्ढों को लेकर कड़ा संज्ञान लिया था और इन्हें भरने का काम शुरू करने के लिए कहा गया था। जिस पर एसडीएम विवेक महाजन ने एनएचएआई के अधिकारियों को पेचवर्क का कार्य शुरू कराने को कहा। वर्तमान में बद्दी से नालागढ़ तक पूरी मार्ग पर गड्ढे पड़ गए हैं। वाहन चालकों को वाहन चलाने में काफी दिक्कत आ रही हैं। कई स्थानों पर निर्माण कार्य के चलते धूल उड़ रही है। इससे सड़क के साथ दुकानदारों व अन्य लोगों को धूल से परेशानी हो रही है। एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि मंगलवार को मानपुरा क्षेत्र में पेचवर्क का कार्य चला हुआ है और बुधवार को बद्दी के बालद पुल से लेकर ट्रक यूनियन तक पेचवर्क का कार्य किया जाएगा। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से कार्य में तेजी लाने को भी कहा। वर्तमान में मौसम गर्मी का होने से काम में तेजी लाने की जरूरत है। इसके बाद बरसात शुरू होने पर काम फिर रुक कर चलेगा। एनएचएआई के प्रोजेक्ट प्रभारी असलम खान ने बताया कि नालागढ़ से बद्दी तक हिमाचल में क्षेत्र में पेचवर्क का कार्य तेज गति से चला हुआ है। नालागढ़ से मानपुरा तक पेचवर्क पूरा कर दिया गया है। मंगलवार को मानपुरा क्षेत्र और बुधवार को बद्दी के बालद पुल से ट्रक यूनियन तक पेचवर्क का कार्य किया जाएगा।