वर्तमान में सड़क की खस्ता हालत से वाहन चालक परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। लोक निर्माण विभाग परवाणू द्वारा ओल्ड नेशनल हाईवे पर शीतला माता मंदिर से टीटीआर बाईपास तक मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इस परियोजना के तहत करीब एक किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क को दुरुस्त किया जाएगा। वर्तमान में सड़क की खस्ता हालत से वाहन चालक परेशान हैं।
शीतला माता मंदिर से पुरला स्कूल तक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा, जबकि इसके आगे टीटीआर बाईपास तक पैचवर्क का कार्य किया जाएगा। विभाग द्वारा पैचवर्क का काम प्रारंभ भी कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में खराब हो चुकी सड़क को सुधारने में राहत मिलेगी। इससे पहले हाल ही में सेक्टर-6 क्षेत्र में करीब 50 फुट सड़क पर इंटरलॉक टाइलें भी लगाई गई थीं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिली है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शिव कुमार ने बताया कि इस पूरे कार्य पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।