परवाणू ओल्ड राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैच वर्क का कार्य शुरू। संवाद
बरसात में खराब हो गई थी सड़क, काम पूरा करने के लिए टेंडर जल्द, पैचवर्क के साथ काम होगा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। बरसात से जर्जर हुई पुरानी कालका-शिमला सड़क की मरम्मत का काम लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। इसमें गड्ढों को भरना और उखड़ी सड़कों की मरम्मत करना शामिल है। इसी क्रम में सेक्टर-3 पूरला में ओल्ड नेशनल हाईवे पर सड़क की मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो गया है। गड्ढों को कोलतार से भरकर रोड रोलर की मदद से समतल किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले हुई भारी बरसात से पुराने शिमला रोड को भारी नुकसान पहुंचा था। सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई थी। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उस समय लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी रूप से मिट्टी डालकर गड्ढे भरे थे, लेकिन हाल की बारिश के बाद सड़क फिर से खराब हो गई थी। इसके चलते लोगों को दोबारा परेशानी उठानी पड़ रही थी और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। अब मौसम साफ होते ही लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत का कार्य फिर से शुरू कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शिव कुमार ने बताया कि परवाणू बैरियर से टीटीआर चौक तक सड़क पर पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग की कोशिश है कि सभी गड्ढों को भर दिया जाए। जो कार्य शेष रहेगा, उसे टेंडर लगाकर पूरा किया जाएगा।