हरियाणा के करनाल स्थित करण अर्बन बैंक का होगा परवाणू बैंक में विलय
विज्ञापन
बुधवार को बैठक के दौरान हुई चर्चा, पूरा खाका किया गया प्रस्तुत
संवाद न्यूज एजेंसी परवाणू (सोलन)। द परवाणू अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की सीमाएं अब हिमाचल से बाहर हरियाणा तक होंगी। बुधवार को बैंक की विशेष आम सभा की बैठक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य करनाल स्थित द करण अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड का द परवाणू अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में विलय की योजना पर विचार करना, उसे स्वीकृति देना और इस योजना की मंजूरी के लिए भारतीय रिजर्व बैंक को सिफारिश भेजना था।
बैठक में बैंक के शेयरधारक सदस्यों, निदेशक मंडल के सदस्यों और प्रबंधन बोर्ड के सदस्यों ने भाग लिया, जिन्होंने विलय के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का एजेंडा मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण कुमार अरोड़ा द्वारा पढ़ा गया। बैठक के दौरान पीठासीन अधिकारी आरएल बहल ने इस प्रस्तावित विलय की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों और बैंक के सदस्यों, जमाकर्ताओं एवं ग्राहकों के लिए इससे होने वाले अपेक्षित लाभों के बारे में जानकारी दी।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लिया और योजना के विभिन्न पहलुओं पर स्पष्टीकरण मांगा। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए और सर्वसम्मति से एजेंडा पारित किया। इसके पश्चात सदन ने द करण अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड का द परवाणू अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में विलय की योजना पर विचार किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक वैधानिक औपचारिकताओं व मंजूरी की शर्त पर इसे अनुमोदित कर दिया। बैठक में बैंक के उपाध्यक्ष अर्जुन बहल के अतिरिक्त निदेशक मंडल के अलावा आभासी माध्यम से विभिन्न शाखाओं में शेयर धारक भी शामिल हुए।