नगर परिषद परवाणू ने नगर परिषद की पार्किंग में अस्थायी रूप से तहसील कार्यालय के लिए भवन देने का फैसला लिया है। लोगों को राजस्व संबंधित कार्र्य के लिए कसौली जाना पड़ता है। लेकिन नप के ताजा फैसले से परवाणू के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
नगर परिषद ने बैठक में पार्किंग के कुछ हिस्से को तहसील भवन के लिए देने का फैसला लिया है। तर्क है कि पार्किंग परवाणू शहर से दूर है। यह पार्किंग खाली पड़ी है। इस फैसले से परवाणू में तहसीलदार कसौली के बैठने का रास्ता साफ हो गया है। वर्तमान में तहसील संबंधी कार्य के लिए परवाणू क्षेत्र के लोगों को 40 से 60 किमी दूर कसौली जाना पड़ता है। सरकार के निर्देश थे कि सप्ताह में दो दिन तहसीलदार परवाणू में बैठे जिससे लोगों को दिक्कत न हो। लेकिन तहसील कार्यालय का भवन नहीं था। लिहाजा नया भवन तैयार होने के बाद तहसील कार्यालय वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।
नगर परिषद परवाणू की जनरल हाउस की बैठक शुक्रवार को नगर परिषद के सभागार में अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में हाउस ने परवाणू में खोले जाने वाले तहसील कार्यालय के लिए नगर परिषद की पार्किंग में जगह देने को सहमती प्रदान की गई। इससे जल्द ही परवाणू में तहसील कार्यालय खुलने का रास्ता साफ हो गया है।
बैठक में अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा, उपाध्यक्ष विरमा आजाद, नप की पूर्व अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, कार्यकारी अधिकारी सुधीर शर्मा, कनिष्ठ अभियंता केडी शर्मा, पार्षद हरीश आजाद, संदीप चौहान, संजय यादव, प्रेमलता गुलेरिया और अनीता शर्मा मौजूद रहे।
प्रस्ताव 01- बैठक में डीसी सोलन से फंड के आश्वासन के बाद परवाणू के स्लम एरिया में मोबाइल टायलेट की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया। इससे शौचालय के अभाव वाले क्षेत्रों में फायदा होगा। संपूर्ण स्वच्छता के तहत कोई भी बाहर शौच करने को मजबूर नहीं होगा। साथ ही बीमारी पनपने का खतरा भी कम होगा।
प्रस्ताव 02- बैठक में नगर परिषद के शौचालयों को पहले की दर में 10 प्रतिशत वृद्धि कर ठेके पर देने का निर्णय लिया गया। इससे सार्वजनिक शौचालयों में अधिक सफाई व्यवस्था हो सके। लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। संडे मार्केट के संचालन के ठेके की ऑक्शन करने का निर्णय लिया गया।
प्रस्ताव 03- वार्ड नंबर 2 से पार्षद का निर्विरोध चुनाव होने के चलते विकास कार्यों के लिए 5 लाख देने का प्रस्ताव भी पारित किया। इससे की वार्ड के लोगों द्वारा निर्विरोध प्रत्याशी चुने जाने का इनाम मिल सके। इस बजट को वार्ड के विकास कार्यों में लगाया जाएगा।
प्रस्ताव 04- कई अन्य प्रस्ताव जिसमें 6 गारबेज कंटेनर खरीदने, सेक्टर 5 में साईं मंदिर की सड़क पर दोनों ओर बैरीगेड लगाने, बेंच खरीदने और जल्द से जल्द पौधारोपण करवाने का फैसला लिया गया। इससे शहर बेहतर और सुंदर दिखेगा।