परवाणू (सोलन)। परवाणू में पैदल चल रहे एक व्यक्ति से पुलिस ने तेंदुए की खाल बरामद की है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति प्रदेश में खाल बेचने के लिए आया था।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना प्रभारी परवाणू दयाराम ठाकुर टीम सहित गश्त पर थे। उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति गांव खडीण से पैदल पीठ पर झोला उठाकर आ रहा है, जिसमें अंदर तेंदुए की खाल है। यह जानकारी वन खंड अधिकारी परवाणू परिक्षेत्र प्रदीप कुमार के साथ साझा कर तुरंत संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई।
इसके बाद पुलिस ने कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर बने फ्लाईओवर के नीचे कामली (परवाणू) रोड पर नाका लगाया। उसी समय राजेंद्र कुमार निवासी गांव खडीण डाकघर नयाग्राम कसौली उम्र 34 वर्ष पीठ पर झोला उठाकर पैदल परवाणू की ओर जा रहा था। इस व्यक्ति के झोले की जांचा तो इसमें तेंदुए की खाल बरामद हुई।
वन खंड अधिकारी के मापने पर (नाक से पूछ) तक खाल की लंबाई सात फीट आठ इंच और चौड़ाई अगले पंजे से पंजे तक चार फीट आठ इंच पाई गई। इस मामले की पुष्टि डीएसपी परवाणू योगेश रोल्टा ने की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।