शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक ने सभी स्कूलों को लिखित आदेश किए जारी
हर स्कूल को देने होंगे पांच-पांच आइडिया, उसके बाद किया जाएगा चयन
ऑनलाइन जमा होंगे आइडिया, 15 सितंबर तक लेंगे स्कूलों के नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। छठीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए इंस्पायर मानक योजना 2026-27 का ऑनलाइन नामांकन शुरू हुआ है। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोलन रीता गुप्ता ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी सरकारी व गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रमुखों को अधिक नामांकन का लक्ष्य दिया है।
यह योजना केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली स्कूली विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को पहचान दिलाना है। रचनात्मक विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है। पंजीकृत विद्यालयों को अपने स्कूल से चयनित शीर्ष पांच नवाचारी विचारों को अपलोड करना होगा। यह अपलोड ईमेल या वेब पोर्टल पर अनिवार्य होगा। नामांकित विद्यार्थियों के बैंक विवरण की गहन जांच की जाएगी। नाम, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड का सत्यापन होगा। इसके बाद ही डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य और प्रचार
योजना का लक्ष्य हर छात्र तक जानकारी पहुंचाना है। इसके लिए विद्यालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। प्रार्थना सभा, नोटिस बोर्ड और शिक्षकों के माध्यम से यह प्रचार होगा। प्रत्येक स्कूल परिसर में एक आइडिया बॉक्स रखा जाएगा। छात्र-छात्राएं अपने नवीन तकनीकी और मौलिक विचारों का संक्षिप्त विवरण इसमें जमा करेंगे।
नामांकन प्रक्रिया और अवसर
उप निदेशक ने सोलन के सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं। उन्हें समय रहते नामांकन प्रक्रिया पूरी करवानी होगी। इससे जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा। वे राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। यह योजना विद्यार्थियों को रचनात्मकता के लिए प्रेरित करेगी।