संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूको आरसेटी सोलन की ओर से डोमेन स्किल ट्रेनर नवीनीकरण प्रमाणन विषय पर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य कृषि और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों के प्रशिक्षकों को नवीनतम ज्ञान से अद्यतन करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य नियंत्रक आरसेटी (मूल्यांकन एवं गुणवत्ता आश्वासन) डॉ. अंबिका साहू ने की। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों को औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती, कृषि उद्यमी बनने के गुर और रेशम पालन (सेरीकल्चर) जैसे उन्नत विषयों पर गहन जानकारी दी गई। डॉ. साहू ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कृषकों को कृषि क्षेत्र में नवाचारी विचारों और व्यावहारिक ज्ञान के बारे में जागरूक किया गया, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नवीनतम तकनीकों का उपयोग कर सकें। कार्यक्रम में कृषि, हथकरघा एवं हस्तशिल्प, परिधान निर्माण और ब्यूटी पार्लर जैसे विभिन्न क्षेत्रों के 31 प्रशिक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर एचपीएस आरएलएम शिमला के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश, नाबार्ड सोलन के जिला विकास प्रबंधक अशोक चौहान और यूको आरसेटी सोलन की निदेशक मीनू बारिया भी मौजूद रहीं।