विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा
राजकीय आदर्श धुंदन स्कूल में शिक्षा संवाद का आयोजन
अध्यापकों और अभिभावकों के बीच शिक्षा गतिविधियों पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में पांचवें शिक्षा संवाद का आयोजन विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नीम चंद व प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में हुआ। उप प्रधानाचार्य महेंद्र कौंडल ने वर्ष भर की गतिविधियों और विज्ञान प्रयोगशाला, परीक्षा भवन आदि कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार विमर्श किया।
विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम और आने वाले सत्र की योजनाओं पर भी चर्चा की। परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट होने पर प्रधानाचार्य ने अभिभावकों और बच्चों को बधाई दी। इस दौरान विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य बनाने के लिए कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से संवाद किया और अभिभावकों से बच्चों पर ध्यान देने का भी आग्रह किया। अभिभावकों से कहा कि विद्यार्थी मोबाइल फोन का दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे में उनपर सख्त ध्यान रखने की आवश्यकता है ताकि वह फोन पर अधिक समय न देकर अपनी पढ़ाई में मन लगाएं।
अभिभावकों को स्वच्छ भारत, आत्म सुरक्षा, फिट इंडिया अभियान के संबंध में जानकारी दी गई। विशेष आवश्यकता वाले बालकों के लिए समेकित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इस मौके पर शिक्षक, स्कूल प्रबंधन समिति सदस्य अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।