सोलन। पंचायती राज चुनाव के लिए कांग्रेस ने जिला परिषद के 17 में से 12 वार्डों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
वार्ड-एक धुंदन से निर्मला देवी, वार्ड-दो दाड़ला से नीलम रघुवंशी, वार्ड-तीन धर्मपुर से शशि ठाकुर, वार्ड-चार दबोटा से लीला देवी, वार्ड-पांच खेड़ा से विद्या देवी, वार्ड-छह रतवाड़ी से सोमा देवी, वार्ड-सात सलोगड़ा से बलदेव ठाकुर, वार्ड-आठ सपरून से राजिंद्र सिंह, वार्ड-9 बरोटीवाला से चरण दास, वार्ड-दस डुमैहर से ऋषि देव, वार्ड-ग्यारह बवासनी से पवन कौशल और वार्ड-बारह दाड़वा से प्रेम ठाकुर को पार्टी में सहमति से उम्मीदवार चुना गया है।
जिला कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें खास यह है कि कांग्रेस 17 में से केवल 12 वार्डों में ही प्रत्याशी उतार पाई है, जबकि भाजपा कई दिन पहले सभी वार्डों पर समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि भाजपा के सामने कांग्रेस ने 17 में से 12 वार्डों के प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। भाजपा ने अपने तीन साल के कार्यकाल में पूरे देश को लूटा है। अब जनता वोट के जरिए इसका जवाब देगी। पंचायती चुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों को हरा कर कांग्रेस चुनाव का डंका बजाएगी।
उन्होंने भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना पर पलटवार करते हुए कहा कि सोलन पहुंचते ही उन्होंने जयराम को सौ में से सौ नंबर दिए। जयराम को अगर सौ में से दो सौ नंबर दिए जाएं तो वो भी कम हैं। जयराम अपने सरकार के शेष दो साल भी कुर्सियों पर बिताएगी। प्रदेश को लूटने वाली भाजपा का जल्द पतन होगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष शिव कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुल राकेश पंत, विनोद सुल्तानपुरी, जगदीश आदि शामिल रहे।