6000 हेक्टेयर में होती है धान की खेती, आधे से अधिक किसान अभी तक नहीं कर पाए रोपाई
चिकनी खड्ड में जलस्तर घटने से सिंचाई प्रभावित, किसानों की बढ़ी चिंता
सिंचाई योजनाएं प्रभावित होने से दभोटा और मझोली के किसान परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। बीबीएन में बारिश न होने से धान की फसल प्रभावित हो रही है। जिन किसानों ने धान की रोपाई कर दी है, उनके खेत सूखने शुरू हो गए हैं। आधे से अधिक किसान अभी तक धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं। चिकनी खड्ड में पानी का स्तर कम होने से सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे धान के खेत सूखने लगे हैं। खेतों में पानी न होने से घास उगना शुरू हो गई है।
बीबीएन में करीब 6000 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल लगाई जाती है। बारिश न होने के कारण अभी तक कई किसान धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं। किसान 15 जून से रोपाई शुरू कर देते हैं, लेकिन इस बार बारिश नहीं होने से कार्य प्रभावित हुआ है। कुछ किसानों ने निजी ट्यूबवेल से सिंचाई कर धान की बिजाई कर दी है। धान के खेतों में लगातार पानी भरा रहना जरूरी होता है। पानी सूखने पर खेतों में घास उगने लगती है, जिससे किसानों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी।
ढांग ऊपरली के किसान सर्वजीत और गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बारिश न होने के कारण वे धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं। बारिश के अभाव में रोपाई करीब 15 दिन पिछड़ गई है। दभोटा के किसान यशपाल और मझोली के सूचा सिंह ने बताया कि चिकनी खड्ड में पानी कम होने से लोगों की निजी सिंचाई योजनाएं बंद हो गई हैं। धान के खेत सूखने से अब उनमें घास उगना शुरू हो गई है।
धान की लेट वैरायटी की रोपाई किसान अभी भी कर सकते हैं। डबल क्रॉस प्रजाति लगानी चाहिए। यह प्रजाति करीब 120 दिनों में तैयार हो जाती है।
-डॉ. संदीप गौतम, विषय विशेषज्ञ, कृषि विभाग