शिक्षा से वंचित बच्चों के लिए खुली उम्मीद की नई राह, 20 बच्चों लिया दाखिला
वर्तमान में जिले में 17 सेंटरों में 1260 बच्चों को दी जा रही शिक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी, सोलन
सोलन जिला मुख्यालय के कथेड़ क्षेत्र में समग्र शिक्षा अभियान (समग्र शिक्षा) के तहत आउट ऑफ स्कूल सेंटर शुरू कर दिया गया है। इस केंद्र पर फिलहाल 20 बच्चों को शिक्षा देनी शुरू कर दी गई है, जिन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। शिक्षा से वंचित बच्चों को खोजने के लिए जल्द ही एक बार फिर से सर्वे शुरू किया जाएगा। इससे पहले भी एक निजी संस्था के सहयोग से किए गए सर्वे में 25 बच्चों की सूची तैयार की गई थी। जानकारी के अनुसार वर्तमान में जिले भर में कुल 17 आउट ऑफ स्कूल शिक्षा केंद्र चल रहे हैं, जहां करीब 1260 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन केंद्रों की जिम्मेदारी एक निजी संस्था को सौंपी गई है, जो बच्चों को शिक्षा प्रदान करने में सहायता प्रदान कर रही है। समग्र शिक्षा जिला अधिकारी डॉ. राजेंद्र वर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय सोलन में भी आउट ऑफ स्कूल का सेंटर खोल दिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि वर्तमान में इस नए केंद्र में 20 बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा से वंचित बच्चों को शामिल करने के लिए जल्द ही दोबारा सर्वे किया जाएगा।
मिड-डे मील, वर्दी, किताबें निशुल्क
समग्र शिक्षा के तहत चिह्नित किए गए इन बच्चों को उनकी उम्र और सीखने की क्षमता के हिसाब से नजदीकी प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में दाखिला दिलाया जा रहा है। बच्चों को स्कूल में मिलने वाले मिड-डे मील (एमडीएम) के साथ-साथ वर्दी, जूते और किताबें भी समग्र शिक्षा के तहत निशुल्क दी जा रही हैं। बच्चों को किस स्कूल की कौन सी कक्षा में दाखिला दिया गया है, इसका पूरा रिकॉर्ड समग्र शिक्षा के प्रबंधक पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है, ताकि उनकी प्रगति पर नजर रखी जा सके। निजी संस्था की ओर से शिक्षा प्रदान करने के लिए कमरा और स्टाफ मुहैया कराया जाएगा, वहीं शिक्षा विभाग की ओर से भी शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।