जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के गोदाम से हुआ आवंटित
किसानों से बेहतर दाम पर मक्की खरीद बनाया जा रहा है आटा
प्रदेश में सरकार की घोषणा के बाद डिपुओं में पहुंचा आटा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश समेत जिले के डिपुओं में ऑर्गेनिक मक्की से तैयार आटा पहुंच गया है। ये आटा उपभोक्ता 50 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से खरीद सकते हैं। खास बात ये है कि सरकार की ओर से ऑर्गेनिक मक्की से तैयार किया हुआ आटा डिपुओं में भेजा है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की ओर से गोदामों से आटा डिपुओं के लिए आवंटित कर दिया गया है। इससे अब लोगों को बाजार से महंगे दामों पर आटा खरीदना नहीं पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि बाजार में ऑर्गेनिक मक्की का आटा 80 से 100 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। लेकिन डिपुओं में लोगों को राहत देने के लिए आटा 50 रुपये किलो के हिसाब से दिया जाएगा। इसके लिए एक, पांच और दस किलो के बैग बनाए गए हैं। किसानों से बेहतर दाम पर कृषि विभाग ने मक्की खरीद आटा तैयार किया गया।
गौर रहे कि सरकार प्रदेश में मिलेट फूड को बढ़ावा दे रही है। लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए अब डिपुओं में भी पहली बार मक्की का आटा भेजा गया है। प्रदेश में सरकार ने बीते वर्ष डिपुओं में आटा देने की घोषणा की थी। ये घोषणा सरकार ने पूरी कर दी है।
इनसेट
सोलन जिले में 12 क्विंटल आटा हुआ आवंटित
जिला सोलन में उपभोक्ताओं के लिए 12 क्विंटल आटा आवंटित किया गया है। ये मक्की का आटा अब लोग राशन के साथ ही खरीद सकेंगे। इसके लिए डिपुओं में आटा पहुंच गया है। वहीं, अभी इसका ट्रायल बेस है। मांग बढ़ने के साथ-साथ इसकी पूर्ति की जाएगी।
इनसेट
डिपुओं में मक्की का आटा भेज दिया गया है। अभी शुरुआती चरण है। जैसे-जैसे मांग बढ़ती जाएगी। वैसे-वैसे आपूर्ति भी की जाएगी। मक्की का पूरी तरह से आटा ऑर्गेनिक है।
-नरेंद्र धीमान
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, सोलन।