शूलिनी ऑटो यूनियन ने खोला मोर्चा, सौंपेगे ज्ञापन
आज उपायुक्त से मिलकर कार्रवाई का करेंगे आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में निजी वाहनों से स्कूली बच्चों को ढोने के मामले में शूलिनी ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन ने संबंधित विभागों के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। यूनियन की बैठक में इस पर कड़ा विरोध जताया गया। इसको लेकर उपायुक्त को शुक्रवार ज्ञापन दिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो विभागों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
शूलिनी ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने कहा कि निजी वाहनों द्वारा नियमों का उल्लंघन कर बच्चों को ढोने के खिलाफ यूनियन ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। उन्होंने बताया कि यूनियन के सदस्य क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी से मुलाकात कर निजी गाड़ियों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर कार्रवाई की मांग करेंगे। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के उपनिदेशक को भी मामले से अवगत कराया जाएगा। उपनिदेशक के माध्यम से स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से आग्रह किया जाएगा कि वे बच्चों को अनधिकृत वाहनों में भेजने से रोकने के निर्देश जारी करें।
धर्मपाल ठाकुर ने कहा कि निजी वाहनों का स्कूली बच्चों के परिवहन में उपयोग न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा है। स्कूल बसों और सार्वजनिक परिवहन को निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत चलाया जाता है। यूनियन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को निजी वाहनों में स्कूल न भेजें।