परवाणू (सोलन)। परवाणू में शनिवार को कोरोना के चार नए मामले आने के बाद सभी संक्रमितों को कोविड सेंटर शिफ्ट कर दिया है। इसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य समेत ईएसआई परवाणू की ओटी में तैनात कर्मी शामिल हैं। अस्पताल स्टाफ सदस्य की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सुरक्षा के लिए ऑपरेशन थियेटर को तीन दिन के लिए बंद कर दिया है। इसमें कर्मी के सीधे संपर्क में आए अन्य सदस्यों समेत लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। रविवार को अस्पताल समेत ओटी सेक्शन को सैनिटाइज भी किया। इसके अलावा विभाग कर्मी का अन्य संपर्क और यात्रा इतिहास भी जांचा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार चार नए पॉजिटिव मामलों में से दो सेक्टर-6 के रहने वाले हैं जो पहले से पॉजिटिव व्यक्ति की पत्नी और उसकी संतान है। इसके अलावा एक केस स्थानीय एक कंपनी में कार्यरत एचआर मैनेजर का है जो पिंजौर के नजदीक स्थित अमरावती कॉलोनी का रहने वाला है।
इसके अलावा स्थानीय ईएसआई अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर सेक्शन में कार्यरत एक कर्मी भी पॉजिटिव आया है जो कालका का रहने वाला है। कर्मी के पॉजिटिव होने की पुष्टि होने के बाद अस्पताल के ओटी सेक्शन को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। ईएसआई अस्पताल परवाणू के प्रभारी डॉ. विनोद कपिल ने मामले की पुष्टि कर बताया कि अस्पताल को सैनिटाइज कर लिया है। संक्रमितों की संपर्क और यात्रा इतिहास की भी जांच की जा रही है।