राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित व्याख्यान में मुख्य वक्ता,
दाड़लाघाट कॉलेज में विशेष व्याख्यान में बोलीं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को मानसिक तनाव से निपटने, सकारात्मक सोच विकसित करने और संतुलित जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट रिया सेबेस्टियन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। रिया सेबेस्टियन ने जोर देते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संकोच त्याग कर खुलकर संवाद करना चाहिए। यदि समस्या गंभीर हो, तो विशेषज्ञ की सलाह लेने में देरी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बेहतर जीवन के लिए समय प्रबंधन को भी अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में मानसिक तनाव एक आम समस्या बन गई है। उन्होंने छात्राओं को तनाव प्रबंधन के गुर सिखाते हुए बताया कि सकारात्मक सोच, नियमित व्यायाम, योग और ध्यान के जरिये तनाव को नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यक्रम में छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।