सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाया अभियान पड़ा सुस्त, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में टीका लगवाने नहीं पहुंची कोई किशोरी
चौथे दिन केवल इंतजार करते रही टीकाकरण वाली नर्सें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाया गया एचपीवी वैक्सीन अभियान अपेक्षित गति नहीं पकड़ पाया है। जिले के चयनित 22 स्वास्थ्य संस्थानों में शनिवार तक केवल 56 किशोरियों ने ही वैक्सीन लगवाई। चार दिन में अब तक कुल 528 किशोरियों ने टीका लिया। शनिवार को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में एक भी किशोरी वैक्सीन लगवाने नहीं पहुंची। इस कारण ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्सों को पूरा दिन फोन पर निगरानी करनी पड़ी। स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान फिलहाल अधूरा ही नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने टीके के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए टीमें गठित की हैं, जो सभी स्कूलों में जाकर किशोरियों और अभिभावकों को वैक्सीन के महत्व के प्रति शिक्षित कर रही हैं। बावजूद इसके, किशोरियां अस्पतालों में वैक्सीन लेने नहीं पहुंच रही हैं।
धर्मपुर में भी उत्साह कम
धर्मपुर (सोलन)। स्वास्थ्य खंड धर्मपुर में शनिवार को केवल 14 किशोरियों ने एचपीवी वैक्सीन लगवाई। पिछले सप्ताह यहां 39 किशोरियों ने टीका लगवाया था। शनिवार को सीएचसी धर्मपुर में 6, ईएसआई परवाणू में 8 और सुबाथू में कोई भी किशोरी वैक्सीन नहीं लगी।
कोट
वैक्सीन लगाने के लिए अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है। अब तक 160 देशों में यह वैक्सीन लग चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने पूरी जांच के बाद ही किशोरियों को यह वैक्सीन लगाने का निर्णय लिया है। यह वैक्सीन डॉक्टरों की देखरेख में ही लगाई जा रही है। अभिभावकों से आग्रह है कि वे अस्पताल आकर अपने बच्चों को टीका लगवाएं।
– डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सोलन