उद्योग विभाग निवेशकों लिए बद्दी में ऑनलाइन पोर्टल तैयार करेगा। यह पोर्टल शीघ्र कार्य करना शुरू कर देगा। इस पोर्टल के माध्यम से निवेशक एक ही स्थान पर सभी प्रकार के प्रपत्र भर पाएंगे। यह बात उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ उपमंडल के बद्दी में भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग के विषय पर आयोजित कॉन्कलेव को संबोधित करते हुए कही। बताया कि इस पोर्टल से निवेशकों को निवेश की तमाम मंजूरियां दस दिन के भीतर मिल जाएगी।
पोर्टल पर निवेशकों को भूमि की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी मिलेगी। प्रदेश में उद्योग को योजनाबद्ध बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 जिलों में एक-एक औद्योगिक समूह विकसित किए जाएंगे। बद्दी-बरोटीवाला तथा सिरमौर के कालाअंब क्षेत्र में फार्मा एवं पैकेजिंग औद्योगिक समूह विकसित होंगे। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नवंबर में व्यापार मेला होगा। मेले में देश-विदेश के बड़े औद्योगिक घराने भाग लेंगे। एशिया की 35 प्रतिशत दवाएं इस क्षेत्र में तैयार होती हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा इस वित्त वर्ष के बजट में की घोषणाओं को एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। प्रदेश सरकार शीघ्र ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए नीति तैयार करेगी।
दून के विधायक राम कुमार चौधरी को निर्देश दिए कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में कार्यरत ट्रक आपरेटरों और उद्योगपतियों के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में कार्य करें। ट्रक उत्पाद को बाहर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बेहतर तालमेल से दोनों लाभान्वित होंगे। औद्योगिक कबाड़ एकत्र करने वालों के लिए शीघ्र ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। औद्योगिक कबाड़ एकत्रित करने वाले व्यक्तियों का उद्योग विभाग से पंजीकरण किया जाना चाहिए और यह सभी लाइसेंस धारक होने चाहिए।
बद्दी में स्थापित होगा
पहला वल्क ड्रग पार्क
बॉयलरों का अब सरकार कराएगी निरीक्षण
नालागढ़। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बद्दी में वल्क ड्रग पार्क स्थापित किया जाएगा। यह प्रदेश का पहला वल्क पार्क होगा। इसमें दवाइयों का कच्चा माल तैयार होगा। प्रदेश सरकार बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के सृजन पर बल दे रही है। इन क्षेत्रों में वर्षाशालिका, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों के निर्माण को अधिमान दिया जा रहा है। कहा कि इस क्षेत्र में कार्यरत औद्योगिक इकाईयों से पड़ोसी एवं अन्य राज्य भी लाभान्वित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार के प्रयासों से इस क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये की लागत से टूल रूम स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने फैसला लिया है कि भविष्य में औद्योगिक इकाईयों के ब्वायलरों का निरीक्षण निजी निरीक्षक नहीं सरकारी अधिकारी करेंगे। इस दिशा में शीघ्र ही कुछ पद विज्ञापित किए जाएंगे। इस मौके पर मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर एक पौधा भी रोपा।
पार्क के लिए 25 सौ बीघा
जमीन की दरकार : चौधरी
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि बद्दी में स्थापित होने वाले वल्क ड्रग पार्क के लिए 1500 बीघा भूमि चिन्हित की जा रहा है। इस पार्क के लिए कम से कम 2500 बीघा भूमि चाहिए। उन्होंने बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में रेल एवं मेट्रो संपर्क स्थापित करने की मांग की। रेल लाइन स्थापित करने के लिए भू अधिग्रहण प्रक्रिया जारी है। मेट्रो के लिए संशोधित परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली है। बद्दी क्षेत्र में 100 करोड़ खर्च कर अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
वहीं निदेशक उद्योग अमित कश्यप ने कहा कि प्रदेश में स्थापित उद्योगों में लगभग 95 प्रतिशत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग हैं। प्रदेश में लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का निवेश सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों में ही हुआ है। स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की मुख्य महा प्रबंधक पापिया सेन गुप्ता ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग कुल व्यापार में करीब 90 प्रतिशत का योगदान दे रहे हैं। विश्व स्तर पर 50 से 60 प्रतिशत रोजगार इन्हीं उद्योगों द्वारा उपलब्ध करवाया जा रहा है।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव लखविंदर राणा, दून खंड कांग्रेस के अध्यक्ष राम प्रकाश, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित जैन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिशासी अभियंता प्रवीण गुप्ता, एसडीएम हरिकेश मीणा, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक तिलकराज शर्मा, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ उद्योग संघ के अध्यक्ष शैलेश अग्रवाल और अधिकारी मौजूद रहे।